श्री त्रिदण्डीदेव सेवा आश्रम में श्रद्धापूर्वक मनाया गया अन्नकूट महोत्सव रामानुजाचार्य सम्प्रदाय की धार्मिक संस्था में भगवान वेंकेटश को अर्पित किये गये छप्पन भोग हरिद्वार, 19 नवम्बर।(अमर शदाणी संवाददाता गोविंद कृपा हरिद्वार) रामानुजाचार्य सम्प्रदाय की सप्त सरोवर मार्ग स्थित धार्मिक संस्था श्री त्रिदण्डीदेव सेवा आश्रम में जगद्गुरू रामानुजाचार्य स्वामी विद्या भास्कर जी महाराज की प्रेरणा से आश्रम के महंत स्वामी विष्णु विक्रमाचार्य महाराज के संयोजन में भगवान विष्णु के स्वरूप स्वामी वेंकेटश भगवान का पूजा-अभिषेक किया गया तथा अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से भगवान की पूजा-आरती के पश्चात उन्हें छप्पन भोग अर्पित किये गये। श्री त्रिदण्डीदेव आश्रम के महंत स्वामी विष्णु विक्रमाचार्य महाराज ने आये हुए श्रद्धालु भक्तों को सम्बोधित करते हुए कहा कि दीपावली के पश्चात प्रारम्भ हुआ अन्नकूट महोत्सव कार्तिक पूर्णिमा तक श्रद्धापूर्वक आयोजित होता रहता है। हमारे आश्रम में गुरूदेव की आज्ञा से यह कार्यक्रम श्रद्धालु भक्तों के साथ छठ पूजा महोत्सव से प्रारम्भ हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित अन्नकूट पर्व भगवान कृष्ण के सात दिन तक गोवर्धन पर्वत को भूखे-प्यासे धारण करने के पश्चात आठवें दिन मनाया जाता है। मां यशोदा भगवान श्रीकृष्ण को दिन में चार बार भोजन कराया करती है। उसी हिसाब से सात दिन में 28 बार के हिसाब से उन्हें आज के दिन छप्पन भोग अर्पित किये जाते हैं। जिसका हमारे सनातन धर्म में विशेष महत्व है। इसका धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी है जो हमें पर्यावरण के संरक्षण व संवर्द्धन का संदेश भी देता है। इस अवसर पर उ.प्र., बिहार, दिल्ली आदि राज्यों से रामानुज सम्प्रदाय के भक्तजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह उत्सव छठ पूजा के साथ सम्पन्न होगा।


No comments:

Post a Comment